देश

सुलतानपुर में शादी का कार्ड देकर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक मौत

सुलतानपुर। बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर दियरा चौराहे के पास अनियंत्रित ट्रक ने दो बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। घटना में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। वही दो युवक घायल हैं जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक मृतक की शादी दो सप्ताह बाद होनी थी जिसका वो निमंत्रण देकर लौट रहा था।

कोतवाली नगर के करौंदिया मुहल्ले के निवासी सोनू सोनकर (28) पुत्र मंगल सोनकर की शादी 28 फरवरी को थी। शुक्रवार की देर रात वो अपनी शादी का कार्ड बांटने निकला था। उसके साथ बाइक पर सनी सोनकर भी था। दूसरी बाइक पर अर्जुन और महेश भी थे। कार्ड बांटकर लौटते समय देर शाम मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के दियरा के पास सभी पहुंचे थे कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया।

जिससे दोनों बाइक पर सवार चारों युवक सड़क पर जा गिरे। सभी को गंभीर चोटें आई। ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने चारों युवकों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने सोनू और सनी को मृत घोषित कर दिया। उधर जैसे ही ये खबर परिवार और मुहल्ले वालों को लगी तो सभी अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। दो युवकों की मौत से यहां कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को मर्चरी में रखवाया है। जहां आज शनिवार को इनका पोस्टमार्टम कराया जायगा। वही शादी वाले घर में मातम पसर गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button