crime
Trending

सुलतानपुर में प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या के बाद खुद को मारी गोली, दोनों की मौत

सुलतानपुर। एक प्रेम कहानी का डेढ़ साल के अंदर दर्दनाक अंत हुआ। प्रेमी ने प्रेमिका को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक शादीशुदा था। उसके दो बेटे हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने मौके पर पहुंच कर जांच किया। उन्होंने बताया पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

हलियापुर थानाक्षेत्र के रामपुर बबुआन गांव निवासी गुड्डू प्रजापति (27) पुत्र हनुमान का गांव की ही रेनू (18) पुत्री राम भवन यादव से डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों चोरी-चुपके मिलते थे। यह बात दोनों परिवारों को नागवार गुजरी। कई बार दोनों परिवारों के मध्य मन मुटाव भी हुआ। गुरुवार को गुड्डू ने रेनू को बुलाया और जैसे ही वह गांव से 100 मीटर बाहर आई गुड्डू ने उसे तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

गांव से 100 मीटर दूर खंडनजे पर मिला दोनों का शव

प्रेमिका रेनू गुड्डू के सामने खून में लथपथ होकर तड़पने लगी तो गुड्डू ने खुद की कनपटी पर तमंचा रखकर गोली दाग दी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खंडनजे पर 10 कदम की दूरी पर दोनों के शव पड़े हुए थे। गोली की आवाज सुनकर जब लोग निकले तो दोनों की लाश देखकर गांव में सनसनी फैल गई। लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसपी सोमेन वर्मा मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि हलियापुर थाना क्षेत्र में प्रेमी की तरफ से प्रेमिका को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद में प्रेमी ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर मौत हो चुकी है। गांव वालों का कहना है कि दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे। पूरे मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

दो बच्चों का था पिता

गुड्डू की शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आठ साल और दूसरा पांच साल का है। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button