सीएम योगी ने जनता दरबार में सुनी फरियादियों की बात, बोले- समस्याओं का जल्द होगा निस्तारण
पहले बच्चों को गोद में उठाकर उन्हें दुलारा, चाकलेट दिया फिर महिलाओं से प्रार्थनापत्र लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आदेश दिया कि जल्द से जल्द सभी फरियादियों की समस्याओं को निवारण किया जाए।
गोरखनाथ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह गोरखपुर में जनता दरबार लगाया और फरियादियों की बात सुनी। इस दैरान महिला फरियादियों की गोद में बच्चों को देखकर खुद को रोक नहीं सके। पहले बच्चों को गोद में उठाकर उन्हें दुलारा, चाकलेट दिया फिर महिलाओं से प्रार्थनापत्र लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आदेश दिया कि जल्द से जल्द सभी फरियादियों की समस्याओं को निवारण किया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिन्दू सेवाश्रम में ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों की समस्याएं इत्मीनान से सुनीं। संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया। जनता दर्शन में दूर दराज से करीब एक हजार फरियादी पहुंचे थे। सीएम ने यात्री निवास में भी जाकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निदान किया जाएगा। जनता दर्शन में काफी संख्या में महिलाएं (खासकर अल्पसंख्यक वर्ग की) भी अपनी समस्याएं लेकर आई थीं।

उन्होंने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संजीदगी के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से फरियादियों की समस्याओं का समाधान करें। ताकि उन्हें एक ही समस्या को लेकर बार बार जनता दर्शन में न आना पड़े।




