देश

सहारनपुर में भ्रष्ट ग्राम विकास अधिकारी पर विजिलेंस का शिकंजा, दो ठिकानों पर छापेमारी

सहारनपुर | भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत मंगलवार को सहारनपुर में विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मेरठ से आई एंटी करप्शन (विजिलेंस) की टीम ने सुबह करीब 7:00 बजे सहारनपुर पहुंचकर ग्राम विकास अधिकारी (VDO) संजय वालिया के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में चल रही यह कार्रवाई ग्राम विकास अधिकारी के घर और उनके प्रॉपर्टी कार्यालय सहित दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ की जा रही है।

जेल में बंद है आरोपी अधिकारी चौंकाने वाली बात यह है कि विजिलेंस की यह कार्रवाई उस समय हो रही है जब संजय वालिया पिछले करीब 4 महीने से जेल में बंद हैं। ज्ञात हो कि 4 महीने पहले संजय वालिया को एक ठेकेदार से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। रिश्वतखोरी के मामले में जेल जाने के बाद अब उनकी संपत्तियों की जांच ने विजिलेंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

सुबह तड़के दी दबिश विजिलेंस की टीम ने मंगलवार तड़के ही संजय वालिया के आवास पर दस्तक दी। करीब दो घंटे से अधिक समय से चल रही इस छापेमारी में टीम अधिकारी के मकान और उनके प्रॉपर्टी से जुड़े दफ्तर में मौजूद फाइलों और बैंक विवरणों की बारीकी से जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पद पर रहते हुए संजय वालिया ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से कितनी अधिक संपत्ति अर्जित की है।

खंगाले जा रहे हैं प्रॉपर्टी के दस्तावेज विजिलेंस के सूत्रों के अनुसार, संजय वालिया के प्रॉपर्टी के कारोबार में संलिप्त होने की भी जानकारी मिली थी, जिसके बाद उनके प्रॉपर्टी ऑफिस पर विशेष रूप से दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से चल रही इस कार्रवाई के दौरान घर के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति के सही आंकड़ों का खुलासा किया जा सकेगा। इस कार्रवाई से जिले के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button