टॉप न्यूज़
Trending

सलमान खान और मुख्यमंत्री शिंदे को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

मुंबई। फिल्म अभिनेता सलमान खान और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सोमवार मध्य रात्रि में एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात शख्स ने फोन पर दी। पुलिस ने सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी है। साथ ही मुंबई पुलिस ने शिंदे को धमकी देने वाले शख्स का नंबर के आधार पर लोकेशन का पता लगाकर उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार सोमवार को देर रात मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में सलमान खान को जान से मारने की धमकी वाला फोन काल आया था। इस काल में अज्ञात शख्स ने कहा कि वह 30 अप्रैल को सलमान खान को जान से मार देगा। इससे पहले भी सलमान खान को ई-मेल के जरिए धमकी मिल चुकी है। धमकी भरा ई-मेल उनके मैनेजर के मेल पर भेजा गया था। मुंबई पुलिस फोन करने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है। इससे पहले भी सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। आत्मरक्षा के लिए सलमान ने विदेश से एक खास बुलेटप्रूफ कार भी मंगवाई है।

सोमवार को देर रात ही पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात शख्स ने फोन करके मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को उड़ाने की धमकी दी, यह कहने के बाद उसने फोन कट कर दिया। यह कॉल नागपुर पुलिस कंट्रोल रूम में आई थी। इसलिए तत्काल मुंबई पुलिस को सूचना दी गई और मुंबई पुलिस ने नंबर के आधार पर फोन करने वाले शख्स की लोकेशन का पता लगा लिया। यह कॉल मुंबई के धारावी इलाके में रहने वाले पेशे से वार्ड बॉय राजेश मारुती आगवाने ने नशे की हालत में की थी। इस मामले में पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है, लेकिन हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button