राज्य
Trending

शिवहर में एक व्यक्ति ने ससुर और उसके भाई की हत्या की, सास घायल

बिहार में शिवहर जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने ससुर और उसके भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी तथा सास को घायल कर दिया।

शिवहर। बिहार में शिवहर जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने ससुर और उसके भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी तथा सास को घायल कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय ने गुरूवार को यहां बताया कि ताजपुर गांव निवासी अवध किशोर सिंह ने वर्ष 2018 में अपनी बेटी अर्चना की शादी पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के कुंवर गांव निवासी आमोद सिंह के साथ की थी।शादी के कुछ दिनों के बाद पति से विवाद होने पर अर्चना अपने मायके आ गयी। अप्रैल 2022 में अवध किशोर सिंह ने अर्चना की दूसरी शादी करा दी, जिससे आमोद नाराज हो गया। बुधवार की देर रात आमोद अपने ससुराल पहुंचा। इसके बाद आमोद ने ससुर अवध किशोर सिंह और उसके भाई अरूण सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी तथा सास मीना देवी को घायल कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आमोद फरार हो गया। घायल मीना देवी को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर भेजा गया है। घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया गया है। इस सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button