शिमला में महिला के सोने का झुमका खोया, आधी रात घर में घुसकर दो युवकों ने की मारपीट

शिमला। शिमला जिला के कुमारसैन थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर बदसलूकी और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस झगड़े के दौरान महिला का सोने का झुमका भी गिरकर खो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोटगढ़ निवासी रंजना शर्मा पत्नी सत्य प्रकाश ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। रंजना ने बताया कि रात के समय सुरेश और प्रणव नाम के दो युवक उसके घर पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे। शोर सुनकर जब वह बाहर आई, तो दोनों युवकों ने अचानक उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। रंजना के अनुसार जब उसने गाली देने का कारण पूछा, तो दोनों ने उसके बाल पकड़कर उसे घसीटा और मारपीट शुरू कर दी।

रंजना ने बताया कि शोर सुनकर उसका पति सत्य प्रकाश बाहर आया और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान दोनों आरोपी लगातार गालियां देते रहे और बिना किसी वजह के घर में हंगामा करते रहे। महिला के अनुसार मारपीट के दौरान उसका सोने का झुमका भी गिरकर कहीं खो गया, जो अभी तक नहीं मिला है।
काफी देर तक हंगामा करने के बाद जब आरोपियों के माता-पिता पहुंचे तो उन्होंने अपने दोनों बेटों को डांटा और वहां से ले गए। इसके बाद पीड़ित दंपति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
महिला की शिकायत पर कुमारसैन पुलिस थाना में बीएनएस की धारा 115(2), 352, 332(c), 133, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।



