मुजफ्फरनगर शामली

शामली: ग्राम पंचायत गोगवान में गूंजी बाल विवाह मुक्त भारत की गूँज, ग्रामीणों ने ली कुप्रथा मिटाने की शपथ

शामली। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ राष्ट्रीय अभियान के तहत जनपद शामली में जागरूकता गतिविधियों का सिलसिला जारी है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों पर बुधवार को ग्राम पंचायत गोगवान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समुदाय के लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों और कानूनी प्रावधानों के प्रति सचेत किया गया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कार्यकर्ता श्रीमती दीपा ने की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और सेवा प्रदाताओं को संबोधित करते हुए बताया गया कि जनपद में यह अभियान 27 नवंबर 2025 से 8 मार्च 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य समाज से बाल विवाह जैसी कुरीति को जड़ से खत्म करना है।

कानून का उल्लंघन पड़ेगा भारी: दो साल की जेल और जुर्माना

महिला कल्याण विभाग की परामर्शदाता पारुल चौधरी ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बाल विवाह कराने या इसमें सहयोग करने पर दो वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। खास बात यह है कि इस कानून की जद में केवल परिवार ही नहीं, बल्कि विवाह संपन्न कराने वाले पंडित, मौलवी, टेंट संचालक, कैटरिंग, बैंड पार्टी और फोटोग्राफर भी आएंगे, जिनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

योजनाओं की जानकारी और हेल्पलाइन नंबर साझा किए

कार्यक्रम में ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने जनता से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना या आशंका हो, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 181 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें ताकि समय रहते मासूमों का भविष्य बचाया जा सके।

कार्यक्रम के समापन पर आंगनवाड़ी कार्यकत्री पूनम, संगीता और ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से बाल विवाह न करने और समाज में इसके विरुद्ध अलख जगाने की शपथ ली। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button