राज्य
Trending
शामली के शूटरों ने दिल्ली में पदक जीत बढ़ाया जिले का मान
शामली पहुंचने पर डीएम ने सभी शूटरों को किया सम्मानित, बढाया हौंसला

शामली। शामली रायफल क्लब के शूटरों ने दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 46वीं यूपी स्टेट चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मैडल जीतकर शामली जिले का नाम रोशन किया है। बुधवार को सभी शूटरों को डीएम ने सम्मानित कर उनका हौंसला बढ़ाया। शामली राइफल क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि क्लब के प्रशिक्षु निशानेबाज ऋत्विक पाल ने एयर राइफल पीप साइट आईएसएसएफ वर्ग में 627.6 अंकों के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। टीम वर्ग में ऋत्विक पाल, पीयूष शर्मा एवं उत्सव मलिक ने शामली का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। एयर राइफल पीप साइट आईएसएसएफ सब यूथ वर्ग में निशांत बालियान ने 615.4 अंकों के साथ रजत पदक प्राप्त किया। टीम वर्ग में शोभित शर्मा, निशांत बालियान, अक्षय जावला ने शामली का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। इस वर्ग में स्वर्ण पदक तथा कांस्य पदक दोनो शामली राइफल क्लब के निशानेबाजों ने जीत कर जनपद का नाम रोशन किया। एयर राइफल पैरा वर्ग में निखिल भारद्वाज ने 375/400 अंकों के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। एयर पिस्टल एनआर वर्ग में ऋषभ चौधरी ने 376/400 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता तथा एयर पिस्टल आईएसएसएफ टीम वर्ग में रजत कुमार, जतिन निर्वाल एवम वंश चौधरी ने शामली का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। एयर पिस्टल मूक बाधिर वर्ग में अंकुर कुमार ने 359/400 अंकों के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बुधवार को डीएम रविंद्र सिंह ने सभी पदक विजेता निशानेबाजों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।



