शराब न देने पर कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, 12 दिन पहले तय हुआ था निकाह

मेरठ में सोमवार रात हापुड़ अड्डे पर एक सनसनीखेज वारदात में 24 वर्षीय कपड़ा व्यापारी जुनैद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप सलमान नामक युवक पर है, जिसने कथित तौर पर शराब न देने पर नाराज होकर जुनैद को गोली मार दी। घटना के वक्त जुनैद अपने एक दोस्त के साथ शराब पी रहा था।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में नौचंदी और लिसाड़ी गेट थानों की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्वॉट टीम और पुलिस की संयुक्त टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस जुनैद के उस दोस्त से भी पूछताछ कर रही है, जो घटना के समय उसके साथ मौजूद था और वारदात का प्रत्यक्षदर्शी है।

निकाह की खुशियां मातम में बदलीं, परिजनों का हंगामा
जुनैद की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। महज 12 दिन पहले ही जुनैद का निकाह कमेला रोड निवासी एक युवती से तय हुआ था, और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। एक मामूली विवाद ने पल भर में सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। गुस्से से भरे परिजनों ने अस्पताल और थाने पर जमकर हंगामा किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मेरठ पुलिस ने एहतियात के तौर पर मृतक के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी है। जुनैद के बड़े भाई जावेद की तहरीर पर सलमान और सुहैल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।




