देश-विदेश

वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को अमेरिका के मैनहट्टन से ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ले जाया गया

मैनहट्टन (अमेरिका)। वेनेजुएला से गिरफ्तार कर अमेरिका लाए गए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर पर रखा गया है। यह वही सेंटर है जहां शॉन डिडी कॉम्ब्स और सैम बैंकमैन-फ्राइड जैसे कई बड़े संघीय मामलों के अहम आरोपितों को रखा जा चुका है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हेलीकॉप्टर से मैनहट्टन ले जाया गया। वहां से मादुरो को न्याय विभाग (लॉ एनफोर्समेंट) गाड़ियों के काफिले के साथ ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ले जाया गया। मादुरो को अगले सप्ताह मैनहट्टन की एक फ़ेडरल कोर्ट में ड्रग्स और हथियारों के आरोपों का सामना करना है। ब्रुकलिन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर के बाहर न्याय विभाग के संघीय अधिकारी पहरा दे रहे हैं।

इस बीच, मादुरो की गिरफ्तारी के विरोध में वॉशिंगटन डीसी, न्यूयॉर्क, बोस्टन, शिकागो और लॉस एंजिल्स जैसे बड़े शहरों में लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने सैन्य हमले के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए कड़ाके की ठंड और बारिश का सामना किया। कुछ लोगों ने मादुरो की गिरफ्तारी के समर्थन में भी नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में सैन्य अभियान कराने बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस का अपहरण करवा लिया है।

लॉस एंजिल्स में विरोध प्रदर्शन में सोशलिज्म एंड लिबरेशन पार्टी के नेता कैमरन हर्ट ने कहा कि अमेरिका को सिर्फ डॉलर की भूख है। उसे असल इनसान नहीं दिखते। इसीलिए वह आधी रात को बमबारी करता है। इससे पहले अमेरिका के सैन्य हमले से वेनेजुएला दहल गया। वेनेजुएला की राजधानी काराकस में अमेरिकी सेना के हवाई हमले से जोरदार धमाके हुए। इसके बाद अमेरिकी सुरक्षा बल वेनेजुएला के राष्ट्रपति भवन में घुस गए। वह राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़कर अमेरिका ले आए। दोनों को न्यूयॉर्क के (सैन्य अड्डा) मिलिट्री बेस पर रखा गया। यहां सिलिया फ्लोरेस का मेडिकल चेकअप किया गया। इसके बाद मादुरो को कड़ी सुरक्षा के बीच मैनहट्टन ले जाया गया।

न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने ट्रंप की आलोचना कीः न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने मादुरो की गिरफ्तारी को संघीय और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। वेनेजुएला सरकार ने एक बयान में कहा कि यह हमला देश के तेल और खनिज भंडार पर कब्जा करने के लिए किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button