
फरीदाबाद। दस दिन पहले संजय कालोनी में रहने वाले विशाल नामक युवक की हत्या करने के मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को अपराध शाखा डीएलएफ प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियो में जितेंद्र उर्फ अनंत, लालतुश, रविकांत कुमार और नीरज शामिल हैं। चारों आरोपी मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहन वाले हैं।बताया कि आरोपी जितेंद्र उर्फ अनंत, रविकांत कुमार और नीरज फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में रह रहे थे। आरोपी लालतुश दिल्ली के आजादपुर में रह रहा था।

अपराध शाखा की टीम ने मुख्य आरोपी जितेंद्र और लालतुश को बिहार के गांव रामसंघ से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मृतक का फोन भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियो को बिहार में अदालत में पेश करके 72 घंटे के लिए राहदारी (ट्रांजिट) रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी जितेंद्र मृतक विशाल दोनों एक ही मकान में अपने परिवार के साथ किराए पर रहते थे।
प्रवक्ता के अनुसार जितेंद्र और विशाल में परिवार कि किसी बात को लेकर 10-15 दिन पहले झगड़ा हो गया था, जिसका बदला लेने के लिए मुख्य आरोपी ने अपने अन्य साथियों को अपने पास बुलाया और मौका देख कर 3 अप्रैल की रात को मृतक के घर में सोते समय ही चाकू से ताबड़-तोड़ हमला करके हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इस बारे में थाना मुजेसर में हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया था। मामले में शामिल अन्य दो आरोपी रवि कांत और नीरज को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से हत्या में प्रयोग किए गए तीन चाकू व 5 मोबाइल फ़ोन तथा कपड़े बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश करके नीमका जेल भेज दिया।



