देश-विदेश

विदेशी नेताओं के रूस पहुंचने के बीच यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को को निशाना बनाया

रूस में विजय दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह के लिए चीनी राष्ट्रपति और अन्य विदेशी नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है और इसी बीच यूक्रेन ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन मॉस्को को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमले किए जिससे मुख्य हवाई अड्डों पर उड़ानों का परिचालन बाधित हो गया।

बुधवार सुबह प्रमुख रूसी एयरलाइन ‘एयरोफ्लोत’ ने मॉस्को से आने-जाने वाली 100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं।

अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन हमले और विजय दिवस के कार्यक्रम के संबंध में सुरक्षा उपायों के मद्देनजर 140 से अधिक उड़ानों के संचालन में देरी हुई।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बुधवार सुबह बताया कि रूसी वायु सेना ने राजधानी के करीब नौ ड्रोन हमलों को विफल कर दिया।

सोबयानिन ने मास्को को निशाना बनाकर किए गए 15 और ड्रोन हमलों को विफल करने की जानकारी शाम को दी।

इस हमले के चलते मॉस्को के हवाई अड्डों पर एक बार फिर से उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ।

यूक्रेनी ड्रोन ने पहले भी मॉस्को को निशाना बनाया है, लेकिन लगातार किए जा रहे ये हमले द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर जीत के 80वें वर्षगांठ समारोह की तैयारियों को बाधित करने के उद्देश्य से प्रतीत होते हैं।

शुक्रवार की मुख्य परेड के लिए सुरक्षा कड़ी रहने की उम्मीद है।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा सहित विदेशी गणमान्य व्यक्ति बुधवार को रूस पहुंच चुके हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button