विदाई समारोह में छात्राओं ने मचाया धमाल

बागपत। वैदिक कन्या डिग्री कॉलेज अग्रवाल मंडी टटीरी में आज महाविद्यालय की बीए प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने बीए अंतिम वर्ष की छात्राओं को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर छात्राओं ने अनेक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजन किया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ कमला अग्रवाल ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उन्हें निरंतर प्रगति पथ पर बढ़ते रहने की शुभकामना दी। उन्होंने छात्राओं को जीवन में प्रत्येक क्षेत्र में सफलतापूर्वक जीवन जीने की प्रेरणा दी। श्रीमती निर्मला एवं श्रीमती शिल्पा ने अपने मधुर गीत से समा बांधा। गीत के माध्यम से छात्राओं को भावी जीवन के लिए शुभकामना दी। कुमारी तनु ने हास्यप्रद ढंग से मंच संचालन किया। कुमारी रितु, पारुल, शिवानी, काजल, समा, नैना, आरती, सना, अनन्या, इकरा आदि ने आयोजन को बड़े ही मनोयोग से संपन्न कराया। समारोह में डॉ राखी गुप्ता, कुमारी पूजा, प्रवीण कुमार, संजय सैनी, सुमन शर्मा, शमा परवीन, प्रेमवती, अनिल कुमार ने सहयोग प्रदान किया। छात्राओं ने कैटवॉक के द्वारा अपनी प्रतिभा दिखाई जिसमें मिस फेयरवेल कुमारी मुजम्मिल को चुना गया। प्रथम रनर अप कुमारी काजल व द्वितीय रनर अप कुमारी शिवानी शर्मा रही। कुमारी मुजम्मिल को ताज पहना कर सम्मानित किया। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कुमारी शिवानी को वर्ष 2021 22 में महाविद्यालय की सर्वश्रेष्ठ छात्रा के रूप में चुना गया।




