crime
Trending

वाराणसी जिला कारागार से फरार शातिर राजू सिंह एसटीएफ के हत्थे चढ़ा

वाराणसी। चौकाघाट स्थित जिला कारागार से बीते शनिवार को फरार बदमाश राजू सिंह को एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने सोमवार को भोजूबीर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बदमाश को एसटीएफ टीम ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में दाखिल कर दिया। बदमाश के खिलाफ पुलिस टीम अग्रिम विधिक कार्यवाही में जुट गई है।

पांडेयपुर लालपुर निवासी राजू सिंह को बीते माह के सात फरवरी को एक किशोरी के साथ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। जेल के बैरक नंबर एक में राजू को बंद किया गया था। शनिवार को राजू जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को ठेंगा दिखा कर फरार हो गया था। इसकी जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। लालपुर पांडेयपुर और कैंट थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच राजू सिंह की तलाश में जुटी थी।

बताया गया कि जिला जेल में बंदियों से मुलाकात के लिए आने वाले उनके परिजनों और करीबियों के हाथ में जो मुहर लगाई जाती है, वही मुहर राजू ने जेल कर्मियों की मिली भगत से अपने हाथ में लगवा ली थी। दूसरे पहर के मुलाकाती जब जेल से बाहर जाने लगे तो उन्हीं के साथ जेल पुलिस को चकमा देते हुए वह बाहर निकल गया। जेल से बाहर निकल कर मनबढ़ राजू पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता के घर गया और उसे केस वापस लेने के लिए धमकाया। पीड़िता ने जब इस संबंध में अर्दली बाजार चौकी की पुलिस को सूचना दी तो राजू के जेल से फरार होने की बात उजागर हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button