लखनऊ में एकतरफा प्यार बना खून की वजह: सिरफिरे ने युवती को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

Crime Lucknow: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के हंस खेड़ा मोहल्ले में बुधवार की रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। एकतरफा प्यार में अंधे युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर 24 वर्षीय युवती प्रियंका यादव को उसके घर में घुसकर गोली मार दी। घटना रात क़रीब 11:45 बजे की है जब मोहल्ले की गलियों में लोग चैन की नींद की तैयारी कर रहे थे और अचानक एक चीख और गोली की आवाज ने सभी को चौंका दिया। युवती को गंभीर हालत में उसके परिजनों और स्थानीय युवक संदीप द्वारा तुरंत ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार गोली युवती के पेट में लगी है और ऑपरेशन जारी है। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ट्रांसगोमती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रियंका के घर और आसपास के इलाके की गहन छानबीन की। कई चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान और उसकी लोकेशन का पता चल सके। पारा थानाध्यक्ष का कहना है कि “हमने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

स्थानीय लोगों और महिला संगठन की अध्यक्ष नीरा वर्षा ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। मोहल्ले में सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की जा रही है। सरकार को भी चाहिए कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए और एकतरफा प्रेम जैसे मामलों को भी गंभीरता से लेकर समय रहते कार्रवाई करे। हाईकोर्ट की अधिवक्ता नीलम शर्मा ने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि एकतरफा प्यार कैसे लोगों को अंधा बना देता है। जब चाहत हद से गुजर जाती है तो वह जुनून बन जाती है और वही जुनून किसी की ज़िंदगी लील जाता है। इसके लिए सभी को सावधान रहने की जरुरत हैं।




