देश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी के सबसे भरोसेमंद सलाहकार अवनीश अवस्थी को मिला तीसरा सेवा विस्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी चेहरे माने जाने वाले सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी को राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा आदेश के अनुसार, अवनीश अवस्थी के सेवाकाल को एक वर्ष के लिए और बढ़ा दिया गया है। अब वह 28 फरवरी 2027 तक मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।

वर्ष 1987 बैच के पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अवनीश अवस्थी उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए सरकार ने उन्हें 2022 में मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया था। यह उनका लगातार तीसरा सेवा विस्तार है, जो शासन व्यवस्था में उनके बढ़ते कद और मुख्यमंत्री के उन पर अटूट विश्वास को दर्शाता है। नियुक्ति विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

अवनीश अवस्थी वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कई महत्वाकांक्षी और ड्रीम प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिका निभा रहे हैं। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को आकर्षित करने और राष्ट्रीय स्तर के बड़े निवेशकों के साथ समन्वय स्थापित करने में उनकी विशेषज्ञता का लाभ सरकार को मिल रहा है। बुनियादी ढांचे के विकास और औद्योगिक गलियारों के निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं में भी वे सीधे तौर पर सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए अवनीश अवस्थी का यह सेवा विस्तार प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि राज्य सरकार अपने बड़े प्रोजेक्ट्स को समय सीमा के भीतर पूरा करने और निवेश के मोर्चे पर बड़ी सफलता हासिल करने के लिए उनकी प्रशासनिक पकड़ का उपयोग करना चाहती है। इसी क्रम में सरकार ने पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित कई अन्य अनुभवी पूर्व अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया है, ताकि शासन की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button