देश

लखनऊ-काशी समेत पांच कोर्ट को बम धमकी, परिसर खाली कराए गए; ATS और STF जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, मेरठ और मिर्जापुर की कोर्टों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सभी कोर्ट परिसरों में यह धमकी सरकारी ईमेल पर भेजी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पांचों कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया। काशी में 3 हजार से अधिक वकील और 5 हजार वादकारियों ने तुरंत कोर्ट छोड़ दिया। जिला जज भी अपने कार्यालय से बाहर आ गए। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें कोर्ट के हर कोने की जांच कर रही हैं। फिलहाल कहीं भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

पुलिस का कहना है कि अधिकांश धमकी मेल का पैटर्न एक जैसा है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मेल किसने भेजे और कहां से आए। जांच यह भी कर रही है कि एक साथ मेल भेजे जाने का मकसद क्या हो सकता है और क्या इसके पीछे कोई साजिश है।

सुरक्षा एजेंसियों ने मामला गंभीरता से लिया है क्योंकि वाराणसी कोर्ट में 23 नवंबर 2007 को हुए बम विस्फोट में 3 वकीलों समेत 9 लोग मारे गए थे और 50 लोग घायल हुए थे। इस कारण बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड के साथ ATS और STF को भी जांच के लिए तैनात किया गया है। लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले पर लगातार नजर रख रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button