मुजफ्फरनगर शामली

रेल भवन में शामली की रेल समस्याओं को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने रखी मांगें, ओवरब्रिज निर्माण और ट्रेन ठहराव पर हुआ मंथन

नई दिल्ली। बिजनौर सांसद चंदन चौहान के नेतृत्व में जनपद शामली का एक प्रतिनिधि मंडल आज रेल भवन, नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिला और जनपद से जुड़ी महत्वपूर्ण रेलवे संबंधी जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया। यह भेंट केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर संपन्न हुई।

प्रतिनिधि मंडल में थानाभवन विधायक अशरफ अली खान और शामली विधायक प्रसन्न चौधरी प्रमुख रूप से शामिल रहे। मुलाकात के दौरान दिल्ली–सहारनपुर रेलवे लाइन पर जनपद शामली के कस्बा एलम और जलालाबाद क्षेत्र में स्थित प्रमुख रेलवे फाटकों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधि मंडल ने विशेष रूप से रेलवे गेट संख्या 109 गंगोह मार्ग जलालाबाद तथा एलम–भनेड़ा मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण से उत्पन्न होने वाली गंभीर व्यावहारिक दिक्कतों को मंत्री के समक्ष रखा। बताया गया कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जलनिकासी की कमजोर व्यवस्था के चलते अंडरपास बनने की स्थिति में बरसात के मौसम में भारी जलभराव की समस्या उत्पन्न होगी। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो सकता है और एंबुलेंस, दमकल व अन्य आपातकालीन सेवाओं का आवागमन भी प्रभावित होगा।

प्रतिनिधियों ने यह भी अवगत कराया कि पूर्व में बने अंडरपासों का अनुभव संतोषजनक नहीं रहा है, जहां बारिश के समय लंबे समय तक जलभराव रहने से आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है। यह मार्ग करीब 10 से 12 गांवों को जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके अवरुद्ध होने से एलम, भनैड़ा, कनियान, भारसी, हरियाखेड़ा, दुर्गनपुर, बराल, असारा, निरपुड़ा, टीकरी, सुजती सहित अनेक गांवों की बड़ी आबादी प्रभावित होगी। किसानों, व्यापारियों, पशुपालकों और विद्यार्थियों को दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधि मंडल ने अंडरपास निर्माण को निरस्त कर उसके स्थान पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी, जिससे यातायात सुचारु रहे और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

इसके साथ ही सहारनपुर–दिल्ली वाया शामली जनता एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14545/14546 का थानाभवन टाउन रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिए जाने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस ठहराव से क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों और आम नागरिकों को सीधी व सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे जनपद के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को सभी तथ्यों की जांच कर जनहित में आवश्यक व सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधि मंडल ने आशा व्यक्त की कि शीघ्र ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और जनपद शामली की जनता को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button