रायबरेली में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की फोटो पर कालिख, ‘गद्दार’ लिखा गया

रायबरेली। सांसद राहुल गांधी को नकली गांधी बताने वाले होर्डिंग्स को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब इन होर्डिंग्स पर लगी केंद्रीय राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की फोटो पर काली स्याही पोत दी गई और ऊपर ‘गद्दार’ लिखा गया।

दरअसल, शुक्रवार को मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शहर में 9 जगह होर्डिंग्स लगवाई थीं, जिनमें राहुल गांधी को नकली गांधी बताया गया और सवाल पूछा गया—“गद्दार कौन? असली सरदार रवनीत सिंह बिट्टू या नकली गांधी राहुल गांधी।” इस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी।

शनिवार को शहर के सिविल लाइन चौराहा और फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज चौराहे पर लगी होर्डिंग्स पर मंत्री की फोटो को काला कर दिया गया। हालांकि, अधिकारी यह नहीं बता सके कि फोटो पर कालिख किसने पोती।
इस पूरे विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई थी, जब संसद के बाहर राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कह दिया था। गुरुवार को राज्यसभा में प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए राहुल गांधी और उनके परिवार पर आरोप लगाया कि उन्होंने महात्मा गांधी का सरनेम चुरा लिया।
इसके दो दिन बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली में 9 जगह होर्डिंग्स लगवाईं। यूपी कांग्रेस कमेटी के सचिव अतुल सिंह ने इसे तुच्छ मानसिकता करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी जनता के हितों के लिए केंद्र और यूपी सरकार से लड़ रहे हैं और 2027 में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
होर्डिंग्स में ‘गद्दार कौन?’ और ‘नकली गांधी श्री राहुल गांधी’ जैसे भड़काऊ नारे लिखे गए थे। मंत्री ने खुद इन पोस्टरों को अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा किया था।
होर्डिंग्स पर विवरण के अनुसार, बाएं तरफ भारत माता की तस्वीर के पास लिखा था—”असली सरदार रवनीत सिंह बिट्टू, गद्दारी कांग्रेस से, संपूर्ण देश की देवतुल्य जनता ने कांग्रेस छोड़ा।” दाएं तरफ लिखा था—”नकली गांधी श्री राहुल गांधी, भारत से, भारतवासियों से, भारतीय संस्कृति और संस्कारों से, प्रभु श्रीराम से, सरदार पटेल से, सुभाष चंद्र बोस से, डॉ. अब्दुल कलाम से, फिरोज गांधी से, मेनका गांधी से लेकर वाड्रा परिवार तक।”
होर्डिंग्स निराला नगर, गांधी नगर, एकता विहार कालोनी, सारस होटल, डिग्री कालेज चौराहा, रतापुर चौराहा, राष्ट्रीय राजमार्ग त्रिपुला और डीडोली पर लगाई गई थीं।
इस विवाद में राहुल गांधी और बिट्टू के बीच संसद और सड़क पर पहले भी तीखी नोकझोंक हुई थी। भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने कहा कि सरदार गद्दार नहीं होता, असली गद्दार गांधी परिवार है।



