रन फॉर यूनिटी से युवाओं ने एकता का दिया संदेश
युवाओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक, आधुनिक भारत के शिल्पकार, महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल हमेशा ही देश की एकता के पक्ष में रहे। देश की छोटी रियासतों को जोड़कर उन्होंने भारत को आंतरिक रूप से मजबूत करने में योगदान दिया।
बागपत। सोमवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इकाई नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहयोग से सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लगभग तीन सौ युवाओं ने एकता की शपथ ग्रहण की और रन फॉर यूनिटी के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कालेज बागपत से यमुना पक्का घाट तक दौड़ कर एकता के संदेशवाहक बने। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी बागपत राजकमल यादव ने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलवाई, यूनिटी रन को हरी झंडी दिखाई और युवाओं का हौसला अफजाई करने हेतु युवाओं के साथ स्वयं दौड़ लगाकर यूनिटी रन का नेतृत्व किया।

युवाओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक, आधुनिक भारत के शिल्पकार, महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल हमेशा ही देश की एकता के पक्ष में रहे। देश की छोटी रियासतों को जोड़कर उन्होंने भारत को आंतरिक रूप से मजबूत करने में योगदान दिया। वहीं नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा पूरे अक्टूबर महीने में संचालित किए गए स्वच्छता अभियान का भी सोमवार को यमुना पक्का घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर समापन किया गया जिसमे रन फॉर यूनिटी के प्रतिभागियों ने भी मौके पर श्रमदान किया। वहीं जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा देशभर में कुल 75000 रन फॉर यूनिटी कार्यक्रमो का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा अपने विभिन्न युवा मंडलों के सहयोग से जनपदभर में 100 रन फॉर यूनिटी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र से कार्यक्रम सहायक आंचल श्योराण, माध्यमिक शिक्षा विभाग से अंतरिक्ष कुमार, राजकीय कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या प्रीति शर्मा व स्वयंसेवकों में नितीश भारद्वाज, सुषमा त्यागी, साहिल आदि मौजूद रहे।


