delhi

यमुना में लाइव डुबकी: BJP विधायक नेगी फिसलकर नदी में गिरे, सौरभ भारद्वाज बोले- ‘झूठ से मां यमुना नाराज’

दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच तीखी टकराव तेज हो गया है। पटपड़गंज से बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे AAP नेता सौरभ भारद्वाज को चुनौती देते हुए DND फ्लाईओवर के पास यमुना घाट पर पहुंचे और अचानक पैर फिसलने से नदी में गिर पड़े। सौरभ भारद्वाज ने इस वीडियो को खुद शेयर करते हुए कटाक्ष किया कि ‘बहुत सुंदर डुबकी लगाई, आपके झूठ से मां यमुना बहुत नाराज हैं’।

यह घटना छठ पूजा से ठीक पहले घटी, जब यमुना में हजारों लोग पवित्र डुबकी लगाने की तैयारी कर रहे हैं। AAP ने BJP पर नदी की सफाई के दावों को झूठा बताते हुए चुनौती दी थी कि अगर यमुना साफ है, तो इसका पानी पीकर दिखाएं। इसी चुनौती का जवाब देने पहुंचे नेगी का यह वीडियो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

क्या हुआ यमुना घाट पर?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विधायक रविंदर नेगी DND यमुना घाट पर AAP नेताओं को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। वे कहते दिखे कि ‘यमुना साफ है, आइए देखें’। लेकिन तभी उनका पैर फिसला और वे नदी के पानी में जा गिरे। हालांकि, नेगी ने जल्द ही खुद को संभाला और डुबकी लगाकर बाहर निकल आए। वीडियो में वे गीले कपड़ों में ही बाहर आते दिखे, जिसे AAP ने BJP के दावों पर तंज कसने का मौका बना लिया।

इससे पहले, AAP ने नेगी का एक पुराना वीडियो शेयर किया था, जिसमें वे यमुना का पानी ‘पीते’ दिख रहे थे। सौरभ भारद्वाज ने टिप्पणी की थी, ‘ध्यान से देखिए – ये पानी पी नहीं रहे, गिरा रहे हैं। अपनी सेहत की चिंता है, लेकिन गरीब पूर्वांचली बच्चों की चिंता नहीं’। AAP का आरोप है कि BJP विधायक असल में पानी पीने से बच रहे थे।

यमुना सफाई पर AAP-BJP आमने-सामने
दिल्ली में यमुना सफाई का मुद्दा अब छठ पूजा के साथ जुड़ गया है। BJP यमुना को साफ बताते हुए दावा कर रही है कि सरकार ने पर्यावरण-अनुकूल केमिकल्स से झाग (फोम) को कम कर दिया है। वहीं, AAP ने नदी को दूषित बताते हुए BJP पर फर्जी प्रचार का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि नदी का पानी इतना गंदा है कि इसमें डुबकी लगाना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दावे पर सवाल
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में कालिंदी कुंज घाट का निरीक्षण किया और कहा कि छठ पूजा से पहले यमुना साफ हो गई है। उन्होंने दावा किया कि महिलाएं अब स्वच्छ वातावरण में पूजा कर सकेंगी। लेकिन AAP ने इन दावों को ‘झूठा प्रचार और फर्जीवाड़ा’ करार दिया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि BJP के ये दावे केवल चुनावी स्टंट हैं और वास्तविक सफाई की कोई प्रगति नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button