मुजफ्फरनगर

मोती झील में मछलियों के शिकार पर भड़का हिन्दू संगठन, जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ठेका निरस्त करने की मांग

मुजफ्फरनगर। शामली रोड स्थित मोती झील में मछली पालन के नाम पर हो रही मछलियों की हत्या को लेकर राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि मछली पालन के बहाने बेजुबान जीवों की हत्या कर हिंदुओं की धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन ने मुस्लिम समाज के कुछ व्यक्तियों को मोती झील में मछली पालन का ठेका दिया है। आरोप है कि ठेकेदार मछली पालन की आड़ में बड़े पैमाने पर मछलियों का शिकार कर रहे हैं। संगठन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झील के पानी में जहरीला केमिकल छोड़ा जा रहा है ताकि मछलियां मर जाएं और फिर उन्हें ट्रकों में भरकर खुलेआम बाहर ले जाया जा रहा है। उनके अनुसार, यह कृत्य न केवल जीव हत्या है बल्कि पर्यावरण और स्थानीय आस्था को भी गहरी चोट पहुंचा रहा है।

संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मोती झील में चल रहे मछली पालन के ठेके को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। उन्होंने दोषी ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और जहरीला केमिकल डालने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मछलियों की हत्या पर रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा।

ज्ञापन लेने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने नारेबाजी कर प्रशासन से मोती झील की पवित्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button