देश

मेरठ: शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, जाति और नशा मुक्त भारत का संकल्प

मेरठ। आज शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को शहीद शिरोमणि चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस के अवसर पर हिन्द मजदूर किसान समिति के बैनर तले सैकड़ों मजदूर और किसान कमिश्नरी चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में एकत्रित हुए। इस दौरान समिति के सदस्यों ने शहीद आजाद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।

समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश ने राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांतिगुरु श्री चंद्रमोहन का संदेश पढ़ते हुए कहा कि क्रांतिकारी हमारे लिए माता-पिता से भी ऊपर हैं, क्योंकि उन्होंने देश की आजादी के लिए वह अमानवीय कष्ट और यातनाएं सहीं जो कोई और नहीं सह सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्रांतिकारियों के प्रति जागरूक होना और उनके सम्मान की रक्षा करना हमारा सर्वोपरि कर्तव्य होना चाहिए।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि क्रांतिकारी जाति व्यवस्था और नशे के घोर विरोधी थे। उनका सपना एक ऐसे स्वतंत्र राष्ट्र का था जो जाति रहित और नशा मुक्त हो, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे मौलिक अधिकार सभी नागरिकों के लिए पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध हों। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि आज भी समाज जातिवाद और नशे में लिप्त है, तो यह शहीदों के बलिदान का अपमान है। सच्चा सम्मान तभी होगा जब हम स्वयं को और समाज को इन बुराइयों से मुक्त करेंगे।

क्रांतिगुरु श्री चंद्रमोहन के नेतृत्व में समिति के लाखों सदस्य देश को एकजुट करने और ‘समान शिक्षा-समान चिकित्सा’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। इस गरिमामयी कार्यक्रम के आयोजन में विकास, बबली, महेंदर, आदेश, अशोक और सतीश सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button