मेरठ: रिहायशी इलाके में चल रही नकली इलेक्ट्रॉनिक फैक्ट्री का भंडाफोड़, स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई

मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस और स्वाट टीम ने एक संयुक्त अभियान के तहत रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित की जा रही एक इलेक्ट्रॉनिक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। माफियाओं द्वारा ब्रांडेड कंपनियों के नाम का सहारा लेकर नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने फैक्ट्री को सील करते हुए मालिक को हिरासत में लिया है और भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए हैं।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी दी कि यह फैक्ट्री ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधव पुरम स्थित पेट्रोल पंप के सामने धड़ल्ले से चल रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि लिसाड़ी गेट और ब्रह्मपुरी जैसे क्षेत्र नकली सामान बनाने का अड्डा बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस ने गोदाम पर छापा मारकर वहां ताले लगवा दिए और फैक्ट्री को सील कर दिया। आरोपी नामी कंपनियों के रैपर और लोगो लगाकर साधारण सामान को महंगे दामों पर बेच रहे थे। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।




