crime

मेरठ में दो लुटेरे पुलिस हिरासत से फरार,आरोपियों ने तीन घंटे में की थी पांच वार

मेरठ़। मेरठ में कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने वाले दो लुटेरे शनिवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गए। पुलिस दोनों लुटेरों को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर जा रही थी। रास्ते में ही दोनों बदमाश पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस दोनों लुटेरों की तलाश में जुटी है।

तीन फरवरी को एनएच-58 बाईपास पर दो लुटेरों ने पांच वारदातों को अंजाम दिया था। इसमें जैन शिकंजी आउटलेट के संचालक जगदीश से भी लाखों रुपए की लूट की थी। इसके बाद से ही पुलिस इन लुटेरों की तलाश में जुटी थी। टीपीनगर पुलिस और सर्विलांस सेल ने शुक्रवार की रात को दो लुटेरों नसीमुद्दीन और विजय को पकड़ लिया था। इसमें नसीमुद्दीन बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के मिट्ठेपुर गांव निवासी और विजय मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के मुर्गी फार्म जयभीम नगर निवासी है। दोनों लुटेरों के खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज है। इन्हें पकड़ने वाली टीम में टीपीनगर प्रभारी संतशरण सिंह और सर्विलांस सेल प्रभारी योगेंद्र कुमार शामिल रहे।

शनिवार को दोनों लुटेरों को मेडिकल टेस्ट के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। मेट्रो प्लाजा के पास लुटेरों ने पुलिस को अपनी बातों में उलझा लिया और फरार हो गए। पहले तो पुलिस टीम खुद ही लुटेरों को ढूंढ़ती रही, लेकिन उनकी पकड़ में नहीं आने पर इंस्पेक्टर को सूचना दी गई। यह सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। इससे पहले जनवरी महीने में 15 हजार रुपए का इनामी बदमाश जिला अस्पताल में टॉयलेट जाने के बहाने फरार हो गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button