
बिहारीगढ़। बीती रात करीब साढ़े आठ बजे बिहारीगढ़ पुलिस ने चैकिंग के दौरान सतपुरा-खुशहालीपुर के बीच सोलानी नदी के पुल पर दो मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया तो बाईक सवार पुलिस को देखकर घबरा गए और मोटरसाइकिल मोड़कर पुल के बराबर से भागने की कोशिश करने लगे, पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान सिपाही पंकज तोमर के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होते ही गिर पड़ा, इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। जिसमें भागते समय एक बदमाश के पैर में भी गोली लगी है। दूसरा बदमाश अंधेरा देखकर मौके से फरार हो गया, घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक मोटरसाइकिल, एक बैग जिसमें 52500 रूपए की नगदी, एक पेचकस, प्लास, हथौड़ी आदि बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परमानंद उर्फ पवन पुत्र तुलाराम निवासी नेपाल बताया। उसने बताया कि मैंने अपने साथी दिनेश के साथ मिलकर पिछले साल केएल अरोड़ा सहारनपुर के यहां चोरी की थी मेरे हिस्से में सात लाख रुपए आए थे जो मैंने शादी में खर्च कर दिए अब केवल यही पैसे बचे हैं। घायल बदमाश परमानंद ने बताया कि आज मेरे किसी साथी ने मुझे सहारनपुर मिलने के लिए बुलाया था कि पुलिस ने मुझे भागते हुए पकड़ लिया, घायल बदमाश और सिपाही को रात में ही पुलिस टीम सहारनपुर अस्पताल लेकर चली गई थी जबकि दूसरे बदमाश की देर रात तक तलाश जारी रही। मुठभेड़ के दौरान बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष मनोज चौधरी, एसओजी टीम सहारनपुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी बेहट भी मौके पर पहुंचे और घटना का मौका मुआयना किया।




