मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर: स्मार्ट बिजली मीटर के विरोध में उतरा किसान संगठनों का संयुक्त मोर्चा

 

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने के विरोध में विभिन्न किसान संगठनों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया है। भारतीय किसान मजदूर सर्व समाज संगठन, भारतीय किसान सर्व धर्म, भारतीय किसान यूनियन चौधरी और भाकियू आंदोलनकारी ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर से उत्पन्न हो रही समस्याओं के समाधान की मांग की है।

भारतीय किसान मजदूर सर्व समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गय्यूर और राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम खान के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान नेताओं ने प्रशासन को आम जनता, किसानों और मजदूरों की पीड़ा से अवगत कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी का सबब बन गई है।

नदीम खान ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जिले में बिजली विभाग द्वारा तेजी से लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे मध्यम और गरीब वर्ग के परिवारों की आर्थिक कमर टूट रही है। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की लचर व्यवस्था के कारण ये मीटर सही ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते उपभोक्ताओं को आए दिन तकनीकी दिक्कतों और बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

संयुक्त किसान संगठनों ने प्रशासन के सामने प्रमुख रूप से मांग रखी है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की सहमति के बिना किसी भी उपभोक्ता के घर या प्रतिष्ठान पर जबरन मीटर न थोपे जाएं। संगठनों ने प्रशासन से इस गंभीर जनसमस्या का शीघ्र स्थाई समाधान निकालने की अपील की है और उम्मीद जताई है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button