मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर में स्वच्छता अभियान को नई रफ्तार, मीनाक्षी स्वरूप ने पांच जेसीबी मशीनों का किया लोकार्पण

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर की सफाई और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार को उन्होंने शहरी स्वच्छता व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पांच नई अत्याधुनिक जेसीबी मशीनों का लोकार्पण किया। इन मशीनरों के शामिल होने से शहर के नालों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और अन्य नागरिक सुविधाओं में तेजी आने की उम्मीद है।

2.10 करोड़ की लागत से बढ़ाया गया संसाधनों का बेड़ा

पालिका प्रशासन ने इन मशीनों की खरीद 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 2.10 करोड़ रुपये की निधि से की है। मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका में आयोजित समारोह के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने जेसीबी का उद्घाटन किया और इन्हें जनहित में समर्पित किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी (ईओ) डॉ. प्रज्ञा सिंह और विभिन्न वार्डों के सभासदों ने उनका स्वागत किया। उद्घाटन के बाद अध्यक्ष ने वाटिका का पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

आधुनिक मशीनों से बढ़ेगी कार्यक्षमता

ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि पालिका के बेड़े में पहले से सात जेसीबी और छह बुललोडर ट्रैक्टर मौजूद थे। अब पांच नई मशीनों के शामिल होने से कुल कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इन मशीनों का उपयोग बड़े नालों की खुदाई, अवैध अतिक्रमण हटाने, कूड़ा निस्तारण और आपातकालीन मलबा हटाने के लिए किया जाएगा। आधुनिक संसाधनों से समय की बचत के साथ-साथ कार्यों में पारदर्शिता और कुशलता भी बढ़ेगी।

जनता की सेवा और स्वच्छता प्राथमिकता: मीनाक्षी स्वरूप

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बढ़ती आबादी और नगर क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए आधुनिक संसाधन अनिवार्य हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अध्यक्ष ने वाटिका में मौजूद नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

समारोह में मुख्य रूप से सभासद शौकत अंसारी, उमरदराज, ललित कुमार, सुंदर सिंह सहित नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश कुमार, एसएफआई वैशाली सोती और अन्य पालिका कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button