मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज घटना: मोबाइल मैकेनिक अनस ने खुद को आग लगाई, गंभीर हालत में दिल्ली भेजा गया

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र से एक आत्मदाह का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हुसैनपुर कलां गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अनस नामक एक युवक ने बुधवार सुबह खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

तनाव में था युवक

अनस लुहसाना रोड पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है और उसके पिता विदेश में रहते हैं। पड़ोसियों और परिजनों के अनुसार, अनस पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक मानसिक तनाव में था, हालांकि तनाव के सही कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
परिजनों ने बुझाई आग, दिल्ली रेफर
बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुँचकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे अनस को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों ने अनस की नाजुक हालत को देखते हुए, उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ उसकी जान बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्राम प्रधान पति सरवर खान ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि, बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में किसी भी औपचारिक सूचना मिलने से इनकार किया है और घटना के कारणों की जाँच की जा रही है।



