मुजफ्फरनगर में मजदूर उग्र, बकाया वेतन और बीमार साथी के इलाज के लिए फैक्ट्री मालिक के घर धरने पर

मुजफ्फरनगर। सरशादी लाल डिस्टिलरी, मंसूरपुर में कर्मचारियों के करोड़ों रुपये बकाया होने का मामला शुक्रवार को विवादास्पद रूप ले गया। महीनों से वेतन न मिलने से मजदूरों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है और कई परिवार रोज़ी-रोटी की मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

गुरुवार को फैक्ट्री में बॉयलर अटेंडेंट के रूप में कार्यरत कृष्णपाल अचानक बीमार पड़ गए। परिवार के पास इलाज के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी।

कर्मचारियों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक राहुल स्वरूप, गोविंद स्वरूप, प्रभात स्वरूप, आदर्श स्वरूप और हरसरन गुप्ता लंबे समय से वेतन नहीं दे रहे हैं। फैक्ट्री बंद होने से मजदूरों के सामने रोज़मर्रा की जिंदगी कठिन हो गई है।
बीमार कर्मचारी कृष्णपाल की स्थिति को देखते हुए मजदूर शुक्रवार को उसे एंबुलेंस में लेकर सीधे फैक्ट्री मालिकों के आवास पर पहुंचे और धरना–प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।
मजदूरों की मांग है कि उनका बकाया वेतन तुरंत भुगतान किया जाए और बीमार कर्मचारी का पूरा इलाज फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सुनिश्चित किया जाए। समाचार लिखे जाने तक उनका धरना जारी था, जबकि फैक्ट्री मालिकों की ओर से किसी भी प्रकार की संवाद या समाधान की पहल नहीं की गई।



