मुजफ्फरनगर में दलित किसान की नृशंस हत्या से मोरना में भारी आक्रोश, घर में मिला खून से लथपथ शव

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना में सोमवार तड़के एक दलित व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविदास मंदिर के पास स्थित घर में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।

प्राप्त विवरण के अनुसार ५५ वर्षीय दलित किसान रामप्रसाद पुत्र घसीटू रविदास मंदिर के पीछे अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार की सुबह जब उनकी पत्नी चंद्रकली सोकर उठीं, तो उन्होंने घर के भीतर रामप्रसाद का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। अज्ञात हमलावरों ने किसी धारदार हथियार से उन पर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया था। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मृतक रामप्रसाद खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजर-बसर करते थे और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे।

घटना की सूचना पर एसपी देहात आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेई और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे अमित व सुमित और चार बेटियां लता, शिल्पी, कोमल व वंदना हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चे अभी अविवाहित हैं। घर के मुखिया की इस तरह हुई हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्षेत्रीय लोगों में इस वारदात को लेकर गहरा आक्रोश है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात हत्यारों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।



