मुजफ्फरनगर में कोहरे और प्रदूषण से थोड़ी राहत, लेकिन ठंड का असर बरकरार

मुजफ्फरनगर। जनपद में सोमवार को कोहरे के प्रकोप से रविवार के मुकाबले कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन ठंड की मार अभी भी जारी है। विजिबिलिटी जीरो से बढ़कर 50 से 100 मीटर तक पहुंच गई है, हालांकि कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को धीमी गति से सफर करना पड़ा।

सोमवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस था, वहीं सोमवार को यह बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली। हवा की रफ्तार 3 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 6 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाने से सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही हैं। सुबह और शाम के समय ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं।

प्रदूषण के मोर्चे पर जनपदवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सोमवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई। AQI 231 से घटकर 220 पर पहुंच गया, यानी एक दिन में 11 अंकों की कमी आई है। गौरतलब है कि दो दिन पहले शनिवार को जिले का AQI 317 दर्ज किया गया था, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है। फिलहाल प्रदूषण में गिरावट से लोगों को सांस लेने में कुछ राहत मिली है।
कोहरे के चलते सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। खासतौर पर ट्रक और बस चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय कोहरा बना रह सकता है। तापमान 12 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड से बचाव के उपाय जारी रखने और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही प्रदूषण के स्तर में और सुधार की उम्मीद भी जताई जा रही है।



