मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर मुठभेड़: 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, एसपी देहात की गाड़ी पर बरसाई गोलियां, दो पुलिसकर्मी घायल

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की बुढाना कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद ढेर हो गया। मुठभेड़ के दौरान एसपी देहात की गाड़ी पर भी गोलियां चलीं, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। घटना में एक सब इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कुख्यात और वांछित बदमाश क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विज्ञान रोड स्थित जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाश से आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि बदमाश की ओर से चलाई गई गोली से सब इंस्पेक्टर संदीप और सिपाही अशफाक घायल हो गए।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अमजद की मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

मौके से पुलिस ने एक 9 एमएम कार्बाइन, एक पिस्टल, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बड़ी संख्या में कारतूस, लूट के दस्तावेज, ज्वेलरी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार एसपी देहात की गाड़ी पर भी गोलियों के निशान मिले हैं और बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोलियां लगी हैं।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुढाना थाना क्षेत्र के ग्रामीण जंगल इलाके में मुठभेड़ हुई। पुलिस को वांछित बदमाशों के आने की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। क्रॉस फायरिंग में अमजद घायल हुआ और बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

एसएसपी के अनुसार अमजद पर लूट, हत्या, डकैती और अपहरण समेत करीब 40 आपराधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों और राज्यों में दर्ज थे। वह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वांछित चल रहा था। उसकी उम्र लगभग 35 से 36 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button