मुजफ्फरनगर: मासूम भांजी से दरिंदगी करने वाला कलयुगी मामा मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने दबोचा

मुजफ्फरनगर। जनपद के खतौली कोतवाली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को मोहिद्दीनपुर गांव में एक कलयुगी मामा ने अपनी ही डेढ़ वर्षीय मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं, जिसे देर रात एक मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंका फायर सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पमनावली चौकी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

मासूम के साथ की थी हैवानियत पुलिस की पूछताछ में घायल अभियुक्त ने अपना नाम टिंकू पुत्र ईश्वर निवासी मोहिद्दीनपुर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गुरुवार को ही गांव में अपनी डेढ़ साल की भांजी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
अवैध हथियार बरामद, अस्पताल में भर्ती मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। पुलिस ने घायल टिंकू को तत्काल चिकित्सीय सहायता के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।



