मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर: बुढ़ाना पुलिस ने अवैध हथियारों के दो तस्करों को गिरफ्तार किया

मुजफ्फरनगर। अपराध नियंत्रण और अवैध शस्त्रों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुढ़ाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बुढ़ाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि सूचना मिली थी कि अवैध शस्त्रों का व्यापार करने वाले दो बदमाश बुढ़ाना-मंदावाडा मार्ग से गुजर रहे हैं। इस पर थाना बुढ़ाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।

बुढ़ाना-मंदावाडा मार्ग पर ईंट के भट्टे के समीप घेराबंदी कर सारिम पुत्र इकराम उर्फ बाबू और फिरोज पुत्र आनमोहम्मद को धर दबोचा गया। इनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, एक पोनिया 315 बोर और तीन जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुए।

थाना प्रभारी निरीक्षक बुढ़ाना सुभाष अत्री ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करते हैं। वे हथियार सस्ते दामों पर खरीदकर उच्च दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। गुरुवार को भी वे हथियार बेचने के इरादे से निकले थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़े गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक इतिहास की जांच में जुट गई है।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार, छविकांत सिंह, गजेंद्र सिंह, हैडकांस्टेबल नीरज त्यागी, सुनील कुमार और कांस्टेबल नकुल सांगवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button