मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सिविल लाइन थाना पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक अन्य साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध असलहे, नकदी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। यह अपराधी गाड़ी के शीशे तोड़कर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं।

सिविल लाइन थाना पुलिस बीती रात सधावली अंडरपास के समीप संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र और शशि कपूर नाम के दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। मौके का फायदा उठाकर भाग रहे तीसरे आरोपी दिलीप कुमार को पुलिस ने जंगल में कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने स्वीकार किया कि बीते सात फरवरी को सिविल लाइन क्षेत्र में एक गाड़ी का शीशा तोड़कर नकदी चोरी करने की वारदात को उन्होंने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चालीस हजार रुपये की नगदी और बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल बरामद की है।

सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि इन अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इन पर मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न जनपदों में लूट, डकैती, चोरी और धोखाधड़ी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से इनकी तलाश कर रही थी। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button