मुजफ्फरनगर पुलिस ने दिल्ली से पकड़ी पति की हत्या में फरार पत्नी

मुजफ्फरनगर। जिले के छपार क्षेत्र में हुई सलमान की हत्या के मामले में उसकी पत्नी सुमायला को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने सुमायला पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि छपार थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने के बाद इसकी पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी सलमान के रूप में हुई। जांच में पता चला कि सलमान को गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।

जांच के दौरान यह सामने आया कि सुमायला के अवैध संबंध थे, जिन्हें सलमान विरोध करता था। इसी कारण सुमायला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सलमान की हत्या की थी।
हत्या के बाद से सुमायला फरार थी। शनिवार को छपार पुलिस टीम ने वांछित और 20 हजार रुपये के इनामी सुमायला को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर छपार लाया गया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, लोकेश गौतम और महिला उपनिरीक्षक भावना सिंह शामिल थीं।



