मुजफ्फरनगर: पुलिस की दबिश से सट्टेबाजों में खलबली, मुर्गों की लड़ाई करा रहे युवक बाइकें छोड़ भागे

मुजफ्फरनगर | जनपद में पशु-पक्षियों की लड़ाई और दौड़ के नाम पर चल रहे सट्टेबाजी के काले कारोबार के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में तितावी थाना पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीपुर खुर्द (तीरपड़ी) मार्ग पर चल रहे मुर्गों की लड़ाई के सट्टे का भंडाफोड़ किया। पुलिस को देखते ही सट्टेबाज अपनी 11 बाइकें और एक ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी एसएसपी संजय वर्मा के निर्देश और एसपी देहात आदित्य बंसल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तितावी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलीपुर खुर्द मार्ग के पास जंगलों में अवैध रूप से मुर्गों की लड़ाई कराकर बड़े स्तर पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस की आहट पाते ही सट्टेबाजों में भगदड़ मच गई और वे घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग निकले। 11 बाइकें और ई-रिक्शा जब्त पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों द्वारा छोड़ी गई 11 मोटरसाइकिलें और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और उन्हें सीज करने की कार्यवाही की। साथ ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक “जनपद में पशुओं की लड़ाई या दौड़ के नाम पर जुआ खेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।” अभियान से अपराधियों में दहशत पिछले कुछ दिनों से मुजफ्फरनगर पुलिस जंगलों में इस तरह की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि सट्टेबाजी और जुए के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। फरार आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस स्थानीय इनपुट और वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर का सहारा ले रही है।




