मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर: तितावी पुलिस ने काला तेल चोरी के गिरोह को किया गिरफ्तार, 27,400 लीटर तेल बरामद

मुजफ्फरनगर। तितावी हाइवे पर ट्रक ड्राइवरों से सांठ-गांठ कर चोरी के काले तेल (यूज्ड मोबिल ऑयल) का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह पर तितावी पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने गुरुवार को पांच शातिर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 11.35 लाख रुपये कीमत का 27,400 लीटर काला तेल, एक टैंकर और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। गिरोह फर्जी फर्म और जीएसटी नंबर की आड़ में यह काला कारोबार अंजाम दे रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी फुगाना नीरज सिंह के पर्यवेक्षण में तितावी थानाध्यक्ष पवन कुमार की टीम पानीपत-खटीमा मार्ग पर गश्त कर रही थी।

इस दौरान जय त्रिदेव होटल के पास सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से कुछ लोग पाइप लगाकर संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे टैंकर से काला तेल चोरी कर रहे थे और उनके दो अन्य साथी पास के यार्ड में हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर यार्ड में छापा मारा गया और दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। मौके से कुल 27,400 लीटर काला तेल, एक टैंकर (एनएल 01एबी 2438), 68 ड्रम, ₹36,150 नकद, एक अवैध तमंचा मय कारतूस और तेल निकालने के उपकरण बरामद किए गए। बरामद तेल की कीमत बाज़ार में लगभग 11.35 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ‘नमन ट्रेडिंग कम्पनी’ नाम की फर्जी फर्म बनाई थी और उसका जीएसटी नंबर भी ले रखा था। उनका असली काम हाइवे से गुजरने वाले टैंकर चालकों से तेल चोरी करना था। वे ड्राइवरों को प्रति लीटर भुगतान करते और चोरी किया गया तेल यार्ड में छिपा कर ऊँचे दामों पर फैक्ट्रियों को बेचते थे।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्त हैं सुमित, मनोज, मंगत सिंह (सिंधावली, मन्सूरपुर), उमेश (नंगला खोखर, संभल) और रामबीर (गढी देशराज, तितावी)। पुलिस ने आपूर्ति निरीक्षक को मौके पर बुलाकर जांच कराई और आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button