मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर: तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ रालोद का जोरदार प्रदर्शन, रालोद ने प्रशासन को दी चेतावनी, 12 फरवरी को बड़े आंदोलन की संभावना

बुढाना। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सोमवार को तहसील परिसर में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न स्तरों पर फैले भ्रष्टाचार के कारण आम जनता को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रालोद नेताओं ने तहसील में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर उपजिलाधिकारी अपूर्वा यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि तहसीलदार स्तर पर लंबित कार्यों को निपटाने के लिए अवैध रूप से धन की मांग की जा रही है। साथ ही जाति प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर रिश्वत मांगे जाने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

रालोद नेता विनोद मलिक ने कहा कि तहसील में भ्रष्टाचार इस कदर हावी है कि बिना लेन-देन के आम आदमी का कोई भी काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

रालोद नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 12 फरवरी तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनहित में एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button