मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर: अवैध हथियारों की तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, पिस्टल और रिवाल्वर के साथ चार गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में थाना कोतवाली नगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर चार शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क से जुड़े थे। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घातक हथियार और नगदी बरामद की गई है।

बारात घर के पास हुई घेराबंदी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ जारी धरपकड़ अभियान के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि कुछ युवक अवैध हथियारों की डील करने के लिए मिमलाना रोड पर जमा होने वाले हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यू गुडलक बारात घर के पास जाल बिछाया और चारों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी पकड़े गए आरोपियों में सिद्धार्थ और अमरीश कुमार (दोनों निवासी ग्राम मुथरा, थाना चरथावल), हिमांशु (निवासी ग्राम रायपुर, थाना बाबरी, शामली) और दीपक कुमार (निवासी केवलपुरी, थाना सिविल लाइन) शामिल हैं। पुलिस इन आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास और अन्य संपर्कों की भी तलाश कर रही है ताकि जिले में सक्रिय हथियारों के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।

डील के दौरान एडवांस पैसे भी बरामद पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए वहां एकत्र हुए थे। जांच में सामने आया कि दो आरोपियों ने पिस्टल और रिवाल्वर खरीदने के लिए 2,500-2,500 रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए थे, जबकि बाकी की रकम सौदे के बाद देनी तय हुई थी। पुलिस ने उनके पास से एक .32 बोर की पिस्टल, एक .32 बोर का रिवाल्वर और कुल 5,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चारों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button