Maharashtra

महिला चिकित्सक ‘आत्महत्या’ मामला: आरोपी उपनिरीक्षक गिरफ्तार

महाराष्ट्र के सातारा जिले में एक सरकारी महिला चिकित्सक की ‘आत्महत्या’ से जुड़े मामले में आरोपी पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदाने को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बदाने और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से बदाने फरार था। अधिकारी के मुताबिक, बदाने ने फलटण ग्रामीण पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इससे पहले दिन में पुलिस ने 28 वर्षीय महिला चिकित्सक की कथित आत्महत्या के सिलसिले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बांकर को गिरफ्तार किया था। मध्य महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के बीड जिले की रहने वाली और सातारा जिले के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत महिला चिकित्सक बृहस्पतिवार रात फलटण कस्बे के एक होटल के कमरे में फंदे से लटकी मिली थी।

अपनी हथेली पर लिखे ‘सुसाइड नोट’ में महिला चिकित्सक ने आरोप लगाया था कि पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदाने ने कई बार उसके साथ बलात्कार किया, जबकि बांकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

दोनों के खिलाफ फलटण में बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बांकर उस मकान के मालिक का बेटा है, जहां महिला चिकित्सक रहती थी। जांच ​​के दौरान मामले में नाम सामने आने के बाद बदाने को सेवा से निलंबित कर दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button