देश

महाराष्ट्र: शिवाजी महाराज की जयंती पर शिवनेर किले में भारी भीड़ से टूटी रेलिंग, भगदड़ के कारण कई लोग घायल

पुणे। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर गुरुवार को महाराष्ट्र के पुणे में शिवनेरी किले के अंदर रेलिंग टूटने से कई लोग जख्मी हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे बताए जा रहे हैं। इस घटना के कारण किले में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए हालातों को संभाल लिया। जानकारी के अनुसार, शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर पुणे जिले के शिवनेरी किले में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बुधवार रात से ही किले में लोगों का आना शुरू हो चुका था। इनमें पारंपरिक शिव ज्योत लेकर आने वाले लोग और अलग-अलग संगठनों के सदस्य शामिल हैं। इस भारी भीड़ की वजह से परिसर के अंदर आने-जाने की जरूरी जगहें लगभग बंद हो चुकी थीं। भीड़ के भारी दबाव के कारण किले के अंदर एक रेलिंग टूट गई। इससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। बाहर निकलने की बेचैनी में कुछ लोग दूसरों की मदद से ऊपर चढ़ने लगे थे। बताया गया कि अंबरखाना के नीचे स्थित हाथी दरवाजा क्षेत्र और गणेश दरवाजा जैसे संकरे रास्ते भी भीड़ के कारण लगभग बंद हो गए। लोगों के आगे बढ़ने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग अफरातफरी के बीच नीचे गिर गए। पुणे के एसपी संदीप गिल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि तीन से चार लोग सामान्य रूप से घायल हुए हैं। कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल हालात बिल्कुल सामान्य हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोग अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन को सहयोग करें। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद की और घायलों को बाहर निकालकर उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button