महानगर में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों पर फिर चला एसडीए का चाबुक
सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा सहारनपुर विकास क्षेत्र में जोन-03 के अन्तर्गत विपेज गार्डन से पहले रजवाहा पटरी, देहरादून रोड़ पर नरेश कुमार द्वारा लगभग चार बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किये जाने की कार्यवाही की गयी।

सहारनपुर। सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा सहारनपुर विकास क्षेत्र में जोन-03 के अन्तर्गत विपेज गार्डन से पहले रजवाहा पटरी, देहरादून रोड़ पर नरेश कुमार द्वारा लगभग चार बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किये जाने की कार्यवाही की गयी। वहीं जोन-07 के अन्तर्गत धनपाल आई0टी0आई0 के बराबर में, हौजखेड़ी रोड़ पर जहांगीर व मंसूर द्वारा लगभग बीस बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किये जाने की कार्यवाही अमल में लाई गयी। जोन-08 के अन्तर्गत पुराना कलसिया रोड़, कब्रिस्तान के बराबर में डॉ. बाबर द्वारा लगभग आठ बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी के कार्य को ध्वस्त किये जाने की कार्यवाही की गयी। उक्त ध्वस्तीकरण की कार्यवाही एसडीए उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देशन में की गयी। ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पी0के0शर्मा (सहायक अभियन्ता) एवं सी0एम0 अग्रवाल (अवर अभियन्ता) के सहयोग से सम्पन्न की गयी। एसडीए उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि महानगर में अवैध निर्माणों की रोकथाम हेतु प्राधिकरण की ओर से अवैध निर्माणों को चिन्हित करते हुए सील अथवा ध्वस्तीकरण किये जाने की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है एवं इसी प्रकार आगे भी अवैध निर्माणों को सील एवं ध्वस्तीकरण किये जाने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने जनसामान्य को सूचित किया कि स्थल पर निर्माण करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लें कि कॉलोनी सहारनपुर विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है एवं मानचित्र स्वीकृत कराकर मानचित्र के अनुरूप निर्माण कार्य प्रारम्भ करें, अन्यथा की दशा में प्राधिकरण स्तर से होने वाली कार्यवाही के लिए आप स्वयं उत्तरदायी होंगे।




