देश

मध्‍य प्रदेश में सर्दी का सितम जारी, पचमढ़ी-कल्याणपुर रहे सबसे ठंडे, 24 घंटे बाद बढ़ेगी और ठंड

भोपाल। मध्य प्रदेश में नए साल की शुरुआत ठंड और कोहरे के साथ हुई। हालांकि गुरुवार को तेज सर्दी तो नहीं रही, लेकिन राज्य के उत्तरी हिस्सों में 16 जिलों में घना कोहरा छाया। जबकि 5 जिलों में बादल रहे। इस दौरान शहडोल का कल्याणपुर और हिल स्टेशन पचमढ़ी राज्य के सबसे ठंडे स्थान रहे। मौसम विभाग का कहना है कि 3 जनवरी से प्रदेश में फिर कड़ाके की ठंड और घना कोहरा देखने को मिलेगा।

गुरुवार को श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड और दतिया में बादल छाए रहे। दतिया में कोहरा इतना घना था कि दृश्यता मात्र 50 मीटर तक सीमित रह गई। वहीं, खजुराहो, सतना, ग्वालियर, रीवा, सीधी, भोपाल, गुना, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम, नर्मदापुरम, खरगोन, श्योपुर और दमोह में भी कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 3, 4 और 5 जनवरी को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली में घना कोहरा रहने के साथ ठंड का असर भी बढ़ेगा। कोहरे के चलते रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें लगातार 8 से 10 घंटे तक लेट हुईं।

पचमढ़ी-कल्याणपुर सबसे ठंडे

हिल स्टेशन पचमढ़ी में बुधवार-गुरुवार की रात में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में यह 6.4 डिग्री रहा। शिवपुरी, खजुराहो, अमरकंटक, राजगढ़, रीवा, नौगांव, उमरिया, मंडला, मलाजखंड, टीकमगढ़, दतिया, नरसिंहपुर, रायसेन, छिंदवाड़ा और इंदौर में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर-दिसंबर में रिकॉर्ड ठंड के बाद जनवरी में भी राज्य में कड़ाके की ठंड और शीतलहर की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण ठंड का असर बढ़ेगा। जेट स्ट्रीम की रफ्तार गुरुवार को 222 किमी/घंटा तक पहुंची, जिससे रात के तापमान में गिरावट आई। इस बार सुबह के समय घना कोहरा, कोल्ड डे और शीतलहर लोगों को आम दिनचर्या में परेशानी पैदा कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button