राज्य
Trending
मणिपुर घटना को लेकर रालोद ने किया कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
मणिपुर सरकार को बर्खास्त करने की राष्ट्रपति से मांग मणिपुर हिंसा में मरने वालों के परिजनों को मुआवजा दे सरकारः प्रसन्न चौधरी

शामली। मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई बर्बरतापूर्ण घटना के विरोध में गुरुवार को रालोद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जमकर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मणिपुर की सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू कर महिलाओं की सुरक्षा तथा हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। इस मौके पर एडीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार को सैंकडों की संख्या में रालोद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मणिपुर में हिंसा व महिलाओं के साथ हुई बर्बरतापूर्ण घटना पर कडा आक्रोश जताते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम संतोष कुमार सिंह को सौंपा गया। शामली विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि मणिपुर में 4 मई को महिलाओं के साथ जो घटनाएं हुई है वह मानवता को शर्मसार करने वाली है। केन्द्र सरकार और मणिपुर सरकार ने इतनी मानवीय त्रासदी को मूकदर्शक बनकर होने दिया जिसने मणिपुर के नाजुक सामाजिक ताने बाने को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। साथ ही मणिपुर हिंसा ने दूसरे पूर्वोत्तर राज्यों में भी तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में बढ रहे संवैधोनिक संकट पर संसद की दोनों सदनों में कोई चर्चा नहीं की गयी और न ही देश के प्रधानमंत्री ने सदन की कार्रवाई में शामिल होकर अपना वक्तव्य दिया।

इस मौके पर रालोद कार्यकर्ताओं ने मणिपुर की सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू करने, सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर मणिपुर नरसंहार की निष्पक्ष जांच कराने, मणिपुर में महिलाओं, आदिवासी, दलितों तथा गरीबों के साथ हो उत्पीडन पर तत्काल रोक लगाने, मणिपुर हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस मौके पर योगेन्द्र सिंह चेयरमैन, अनवार चौधरी, बाबूराम पंवार, संजीव, रविन्द्र लिलौन मंगल सिंह पंवार, अमरेश, ऋषिराज राझड, धर्मवीर सिंह, ललित कुमार, विपिन चौधरी सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



