भेड़िए का आतंक जारी, मां के साथ सो रहे मासूम को दबोचा, भेड़ियों को खोजने में जुटीं 57 टीमें
लोग अपने घर के अंदर अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। शनिवार की रात भेड़िए ने हरदी थाना क्षेत्र में दस्तक दी।

बहराइच में भेड़िए के आतंक से लोग काफी डरे हुए हैं। लोग अपने घर के अंदर अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। शनिवार की रात भेड़िए ने हरदी थाना क्षेत्र में दस्तक दी। मां के साथ सो रहे बच्चे को भेड़िए ने अपना शिकार बनाया। भेड़िया ने बालक को गले से दबोच कर भागने का प्रयास किया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन जाग गए। इस हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

महसी तहसील के हरदी व खैरीघाट थाना क्षेत्रों के लगभग 50 गांव भेड़ियों से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में शासन-प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर जागरूकता व धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण भी टोली बनाकर भेड़िए को ढूंढने का प्रयास किया पर कुछ भी हाथ नहीं लगा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से दो लड़कियां गायब हुई थी जिनका आज तक कुछ पता नहीं चला। इस पर डॉ. देवेश शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी लेने व जांच करवाने का आश्वासन दिया।




