देश

भाजपा सांसदों ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- इनके पास कोई मुद्दा नहीं, जनता को कर रहे गुमराह

नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव पर भाजपा सांसदों ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा सांसदों ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे इसको लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, “लोकसभा स्पीकर विपक्ष के नेताओं को लगातार नियमों के तहत मार्गदर्शन दे रहे हैं, लेकिन विपक्ष उनके निर्देशों का पालन करने को तैयार नहीं है। चाहे वह कोई भी प्रस्ताव लाए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।” भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा, “विपक्ष जानता है कि अविश्वास प्रस्ताव का कोई असर नहीं होगा, लेकिन वे मीडिया में बने रहने के लिए इसे उछाल रहे हैं। पिछले कई सालों से वे निरंतर गलत मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश कर रहे हैं, जैसे कि स्पीकर के खिलाफ आरोप लगाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व कई बार चुनाव हार चुका है और अब वे सिर्फ सुर्खियां बनाने के लिए यह सब कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि स्पीकर ओम बिरला को बहुमत से चुना गया था और सदन में एनडीए का बहुमत है, ऐसे में विपक्ष का यह कदम व्यर्थ है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए वे सदन में व्यवधान डाल रहे हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने कई बार विपक्ष को सदन में चर्चाओं के लिए कहा है, लेकिन वे बिना किसी तर्क के सदन का समय बर्बाद कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष केवल संसद की कार्यवाही में रुकावट डालने की कोशिश कर रहा है क्योंकि उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इस बीच, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा, “हम लोग अपने क्षेत्र और देश के मुद्दों को लेकर सदन में आते हैं। सरकार हमेशा किसी भी मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष अपनी राजनीति के तहत बिना तर्क के सदन की कार्यवाही में रुकावट डालता है।” उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को इस तथ्य को स्वीकार करना चाहिए कि वे पिछले 11 वर्षों से सत्ता से बाहर हैं और जनता ने उन्हें बार-बार नकारा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button