हेल्थ

बुलंदशहर में 16.38 लाख बच्चों और किशोरों का खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल

बुलंदशहर। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 फरवरी को मनाया जाएगा, जिसमें एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को पेट के कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजॉल खिलाई जाएगी। जनपद में करीब 16.38 लाख बच्चों-किशोरों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी सभागार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के नोडल अधिकारी डा. एसके जैन ने बताया जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संबंध में ‌राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की उत्तर प्रदेश की मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय की ओर से निर्देश प्राप्त होने के बाद आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर ड्यू लिस्ट तैयार करेंगी। उन्होंने बताया- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत साल में दो बार पेट के कीड़े निकालने वाली दवा खिलाई जाती है।

आरबीएसके के डीईआईसी मैनेजर ललित ने बताया- जनपद में बच्चों और किशोरों को 20 जुलाई को एल्बेंडाजॉल खिलाई गयी थी। इस बार शासन से जुबेनाइल होम में भी बच्चों और किशोरों को दवा खिलाने के निर्देश मिले हैं। वहां प्रभारी अधीक्षक के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत एक से पांच वर्ष तक के बच्चों और छह से 19 वर्ष तक के स्कूल न जाने वाले बच्चों और घुमंतू व ईंट भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी। इसके अलावा छह से 19 वर्ष तक के स्कूल जाने वाले बच्चों को शिक्षकों के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया-एक से दो वर्ष तक के बच्चों को 200 मिग्रा, यानि आधी गोली व दो से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को 400 मिग्रा, यानि पूरी गोली खिलाई जानी है। छोटे बच्चों को गोली पीसकर दी जानी है जबकि बड़े बच्चे इसे चबाकर खा सकेंगे।
10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर जो बच्चे किसी कारणवश गोली खाने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 से 15 फरवरी तक मॉपअप राउंड आयोजित कर एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button